Thursday, September 23, 2010

मुंशी प्रेमचंद

प्रिय मित्रों,
मन में रह-रहकर न जाने कितनी बातें आती है और बरसात से पहले आने वाली तेज हवाओं की मानिंद वैसे ही बह जाती है, जैसे बारिश। अब ऐसे में मैं आपको ज्‍यादा कुछ नहीं दे पा रहा। लेकिन फिर भी मेरा प्रयास लगातार जारी रहेगा। मेरी भावनाएं लगातार आप तक पहुंचाता रहूंगा। फुर्सत में बैठा तो एक दिन मन में विचार आया कि क्‍यों न अपने ब्‍लॉग पर साहित्‍य जगत की हस्तियों के बारे में जानकारी दी जाए। शायद इसी बहाने अपने मित्रों को कुछ दे पाउं। खास तौर से अनुजों को, जो इन महान हस्तियों के बारे में कम ही जानते हैं। या तो उन्‍हें अपने किताबी ज्ञान से फुर्सत नहीं मिल पाती या फिर उन्‍होंने इस दिशा में कभी सोचा ही नहीं। लेकिन सही मायने में हमारी हिन्‍दी आज जितनी समृद़ध लगती है, वह इन्‍हीं की बदौलत है यारों। इन्‍हीं महान रचनाकारों की तपस्‍या के बूते आज हमारा शब्‍दकोष समंदर की तरह हिलोरें लेता दिखता है। इन सब बातों पर विचार करने के बाद मैंने यह निर्णय किया है कि अब आप तक समय-समय पर किसी न किसी साहित्‍यकार के बारे में विस्‍तृत जानकारी आपको दूंगा। इसी की पहली कडी में जानिए उपन्‍यास सम्राट मुंशी प्रेमचंद के बारे में-

प्रेमचंद (31 जुलाई 1880 - 8 अक्‍टूबर 1936) के उपनाम से लिखने वाले धनपत राय श्रीवास्तव हिन्दी और उर्दू के महानतम भारतीय लेखकों में से एक हैं। उन्हें मुंशी प्रेमचंदनवाब राय नाम से भी जाना जाता है और उपन्यास सम्राट के नाम से सम्मानित किया जाता है। इस नाम से उन्हें सर्वप्रथम बंगाल के विख्यात उपन्यासकार शरतचंद्र चट्टोपाध्याय ने संबोधित किया था। प्रेमचंद ने हिन्दी कहानी और उपन्यास की एक ऐसी परंपरा का विकास किया जिस पर पूरी शती का साहित्य आगे चल सका। इसने आने वाली एक पूरी पीढ़ी को गहराई तक प्रभावित किया और साहित्य की यथार्थवादी परंपरा की नीव रखी। उनका लेखन हिन्दी साहित्य एक ऐसी विरासत है जिसके बिना हिन्दी का विकास संभव ही नहीं था। वे एक सफल लेखक, देशभक्त नागरिक, कुशल वक्ता, ज़िम्मेदार संपादक और संवेदनशील रचनाकार थे। बीसवीं शती के पूर्वार्द्ध में जब हिन्दी में काम करने की तकनीकी सुविधाएँ नहीं थीं इतना काम करने वाला लेखक उनके सिवा कोई दूसरा नहीं हुआ। प्रेमचंद के बाद जिन लोगों ने साहित्‍य को सामाजिक सरोकारों और प्रगतिशील मूल्‍यों के साथ आगे बढ़ाने का काम किया, उनके साथ प्रेमचंद की दी हुई विरासत और परंपरा ही काम कर रही थी। बाद की तमाम पीढ़ियों, जिसमें यशपाल से लेकर मुक्तिबोध तक शामिल हैं, को प्रेमचंद के रचना-कर्म ने दिशा प्रदान की।


जीवन परिचय

प्रेमचंद का जन्म 31 जुलाई 1880 को वाराणसी के निकट लमही गाँव में हुआ था। उनकी माता का नाम आनन्दी देवी था तथा पिता मुंशी अजायबराय लमही में डाकमुंशी थे। उनकी शिक्षा का आरंभ उर्दू, फारसी से हुआ और जीवन यापन का अध्यापन से।१८९८ में मैट्रिक की परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद वे एक स्थानीय विद्यालय में शिक्षक नियुक्त हो गए। नौकरी के साथ ही उन्होंने पढ़ाई जारी रखी 1910 में इंटर पास किया और 1919 में बी.ए. पास करने के बाद स्कूलों के डिप्टी सब-इंस्पेक्टर पद पर नियुक्त हुए। सात वर्ष की अवस्था में उनकी माता तथा चौदह वर्ष की अवस्था में पिता का देहान्त हो जाने के कारण उनका प्रारंभिक जीवन संघर्षमय रहा।उनका पहला विवाह उन दिनों की परंपरा के अनुसार पंद्रह साल की उम्र में हुआ जो सफल नहीं रहा। वे आर्य समाज से प्रभावित रहे, जो उस समय का बहुत बड़ा धार्मिक और सामाजिक आंदोलन था। उन्होंने विधवा-विवाह का समर्थन किया और 1906 में दूसरा विवाह अपनी प्रगतिशील परंपरा के अनुरूप बाल-विधवा शिवरानी देवी से किया। उनकी तीन संताने हुईं- श्रीपत राय, अमृतराय और कमला देवी श्रीवास्तव। 1910 में उनकी रचना सोजे-वतन (राष्ट्र का विलाप) के लिए हमीरपुर के जिला कलेक्टर ने तलब किया और उन पर जनता को भड़काने का आरोप लगाया। सोजे-वतन की सभी प्रतियां जब्त कर नष्ट कर दी गई। कलेक्टर ने नवाबराय को हिदायत दी कि अब वे कुछ भी नहीं लिखेंगे, यदि लिखा तो जेल भेज दिया जाएगा। इस समय तक प्रेमचंद ,धनपत राय नाम से लिखते थे। उर्दू में प्रकाशित होने वाली ज़माना पत्रिका के सम्पादक मुंशी दयानारायण निगम ने उन्हें प्रेमचंद नाम से लिखने की सलाह दी। इसके बाद वे प्रेमचन्द के नाम से लिखने लगे। जीवन के अंतिम दिनों में वे गंभीर रुप से बीमार पड़े। उनका उपन्यास मंगलसूत्र पूरा नहीं हो सका और लंबी बीमारी के बाद 8 अक्टूबर 1936 को उनका निधन हो गया।

कार्यक्षेत्र

प्रेमचंद आधुनिक हिन्दी कहानी के पितामह माने जाते हैं। यों तो उनके साहित्यिक जीवन का आरंभ 1901 से हो चुका था, पर उनकी पहली हिन्दी कहानी सरस्वती पत्रिका के दिसंबर अंक में 1915 में सौत नाम से प्रकाशित हुई और 1936 में अंतिम कहानी कफन नाम से। बीस वर्षों की इस अवधि में उनकी कहानियों के अनेक रंग देखने को मिलते हैं। उनसे पहले हिंदी में काल्पनिक, एय्यारी और पौराणिक धार्मिक रचनाएं ही की जाती थी। प्रेमचंद ने हिंदी में यथार्थवाद की शुरूआत की। " भारतीय साहित्य का बहुत सा विमर्श जो बाद में प्रमुखता से उभरा चाहे वह दलित साहित्य हो या नारी साहित्य उसकी जड़ें कहीं गहरे प्रेमचंद के साहित्य में दिखाई देती हैं।" अपूर्ण उपन्यास असरारे मआबिद के बाद देशभक्ति से परिपूर्ण कथाओं का संग्रह सोज़े-वतन उनकी दूसरी कृति थी, जो 1908 में प्रकाशित हुई। इसपर अँग्रेज़ी सरकार की रोक और चेतावनी के कारण उन्हें नाम बदलकर लिखना पड़ा। प्रेमचंद नाम से उनकी पहली कहानी बड़े घर की बेटी ज़माना पत्रिका के दिसंबर 1910 के अंक में प्रकाशित हुई। मरणोपरांत उनकी कहानियाँ मानसरोवर के कई खंडों में प्रकाशित हुई। उपन्यास सम्राट प्रेमचन्द का कहना था कि साहित्यकार देशभक्ति और राजनीति के पीछे चलने वाली सच्चाई नहीं बल्कि उसके आगे मशाल दिखाती हुई चलने वाली सच्चाई है। यह बात उनके साहित्य में उजागर हुई है। 1921 में उन्होंने महात्मा गांधी के आह्वान पर अपनी नौकरी छोड़ दी। कुछ महीने मर्यादा पत्रिका का संपादन भार संभाला, 6 साल तक माधुरी नामक पत्रिका का संपादन किया, 1930 में बनारस से अपना मासिक पत्र हंस शुरू किया और 1932 के आरंभ में जागरण नामक एक साप्ताहिक और निकाला। उन्होंने लखनऊ में 1936 में अखिल भारतीय प्रगतिशील लेखक संघ के सम्मेलन की अध्यक्षता की। उन्होंने मोहन दयाराम भवनानी की अजंता सिनेटोन कंपनी में कहानी-लेखक की नौकरी भी की। 1934 में प्रदर्शित मजदूर नामक फिल्म की कथा लिखी और कंट्रेक्टकी साल भर की अवधि पूरी किये बिना ही दो महीने का वेतन छोड़कर बनारस भाग आये क्योंकि बंबई (आधुनिक मुंबई) का और उससे भी ज़्यादा वहाँ की फिल्मी दुनिया का हवा-पानी उन्हें रास नहीं आया। प्रेमचंद ने करीब तीन सौ कहानियाँ, कई उपन्यास और कई लेख लिखे। उन्होंने कुछ नाटक भी लिखे और कुछ अनुवाद कार्य भी किया। प्रेमचंद के कई साहित्यिक कृतियों का अंग्रेज़ी, रूसी, जर्मन सहित अनेक भाषाओं में अनुवाद हुआ। गोदान उनकी कालजयी रचना है. कफन उनकी अंतिम कहानी मानी जाती है। तैंतीस वर्षों के रचनात्मक जीवन में वे साहित्य की ऐसी विरासत सौप गए जो गुणों की दृष्टि से अमूल्य है और आकार की दृष्टि से असीमित।

कृतियां

प्रेमचन्द की रचना-दृष्टि, विभिन्न साहित्य रूपों में, अभिव्यक्त हुई। वह बहुमुखी प्रतिभा संपन्न साहित्यकार थे। उन्होंने उपन्यास, कहानी, नाटक, समीक्षा, लेख, सम्पादकीय, संस्मरण आदि अनेक विधाओं में साहित्य की सृष्टि की किन्तु प्रमुख रूप से वह कथाकार हैं। उन्हें अपने जीवन काल में ही ‘उपन्यास सम्राट’ की पदवी मिल गयी थी। उन्होंने कुल 15 उपन्यास, 300 से कुछ अधिक कहानियाँ, 3 नाटक, 10 अनुवाद, 7 बाल-पुस्तकें तथा हजारों पृष्ठों के लेख, सम्पादकीय, भाषण, भूमिका, पत्र आदि की रचना की लेकिन जो यश और प्रतिष्ठा उन्हें उपन्यास और कहानियों से प्राप्त हुई, वह अन्य विधाओं से प्राप्त न हो सकी। यह स्थिति हिन्दी और उर्दू भाषा दोनों में समान रूप से दिखायी देती है। उन्होंने ‘रंगभूमि’ तक के सभी उपन्यास पहले उर्दू भाषा में लिखे थे और कायाकल्प से लेकर अपूर्ण उपन्यास ‘मंगलसूत्र’ तक सभी उपन्यास मूलतः हिन्दी में लिखे। प्रेमचन्द कथा-साहित्य में उनके उपन्याकार का आरम्भ पहले होता है। उनका पहला उर्दू उपन्यास (अपूर्ण) ‘असरारे मआबिद उर्फ़ देवस्थान रहस्य’ उर्दू साप्ताहिक ‘'आवाज-ए-खल्क़'’ में 8 अक्तूबर, 1903 से 1 फरवरी, 1905 तक धारावाहिक रूप में प्रकाशित हुआ। उनकी पहली उर्दू कहानी दुनिया का सबसे अनमोल रतन कानपुर से प्रकाशित होने वाली ज़माना नामक पत्रिका में 1908 में छपी। उनके कुल 15 उपन्यास है, जिनमें 2 अपूर्ण है। बाद में इन्हें अनूदित या रूपान्तरित किया गया। प्रेमचन्द की मृत्यु के बाद भी उनकी कहानियों के कई सम्पादित संस्करण निकले जिनमें कफन और शेष रचनाएँ 1937 में तथा नारी जीवन की कहानियाँ 1938 में बनारस से प्रकाशित हुए। इसके बाद प्रेमचंद की ऐतिहासिक कहानियाँ तथा प्रेमचंद की प्रेम संबंधी कहानियाँ भी काफी लोकप्रिय साबित हुईं। नीचे उनकी कृतियों की विस्तृत सूची है।

समालोचना

मुख्य लेख : प्रेमचंद के साहित्य की विशेषताएं

प्रेमचन्दउर्दूका संस्कार लेकर हिन्दी में आए थे और हिन्दी के महान लेखक बने। हिन्दी को अपना खास मुहावरा ऑर खुलापन दिया। कहानी और उपन्यास दोनो में युगान्तरकारी परिवर्तन पैदा किए। उन्होने साहित्य में सामयिकता प्रबल आग्रह स्थापित किया। आम आदमी को उन्होंने अपनी रचनाओं का विषय बनाया और उसकी समस्याओं पर खुलकर कलम चलाते हुए उन्हें साहित्य के नायकों के पद पर आसीन किया। प्रेमचंद से पहले हिंदी साहित्य राजा-रानी के किस्सों, रहस्य-रोमांच में उलझा हुआ था। प्रेमचंद ने साहित्य को सच्चाई के धरातल पर उतारा। उन्होंने जीवन और कालखंड की सच्चाई को पन्ने पर उतारा। वे सांप्रदायिकता, भ्रष्टाचार, जमींदारी, कर्जखोरी, गरीबी, उपनिवेशवाद पर आजीवन लिखते रहे। प्रेमचन्द की ज्यादातर रचनाएं उनकी ही गरीबी और दैन्यता की कहानी कहती है। ये भी गलत नहीं है कि वे आम भारतीय के रचनाकार थे। उनकी रचनाओं में वे नायक हुए, जिसे भारतीय समाज अछूत और घृणित समझा था. उन्होंने सरल, सहज और आम बोल-चाल की भाषा का उपयोग किया और अपने प्रगतिशील विचारों को दृढ़ता से तर्क देते हुए समाज के सामने प्रस्तुत किया। 1936 में प्रगतिशील लेखक संघ के पहले सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि लेखक स्वभाव से प्रगतिशील होता है और जो ऐसा नहीं है वह लेखक नहीं है। प्रेमचंद हिन्दी साहित्य के युग प्रवर्तक हैं। उन्होंने हिन्दी कहानी में आदर्शोन्मुख यथार्थवाद की एक नई परंपरी शुरू की।

मुंशी के विषय में विवाद

प्रेमचंद को प्रायः "मुंशी प्रेमचंद" के नाम से जाना जाता है। प्रेमचंद के नाम के साथ 'मुंशी' कब और कैसे जुड़ गया? इस विषय में अधिकांश लोग यही मान लेते हैं कि प्रारम्भ में प्रेमचंद अध्यापक रहे। अध्यापकों को प्राय: उस समय मुंशी जी कहा जाता था। इसके अतिरिक्त कायस्थों के नाम के पहले सम्मान स्वरूप 'मुंशी' शब्द लगाने की परम्परा रही है। संभवत: प्रेमचंद जी के नाम के साथ मुंशी शब्द जुड़कर रूढ़ हो गया। प्रोफेसर शुकदेव सिंह के अनुसार प्रेमचंद जी ने अपने नाम के आगे 'मुंशी' शब्द का प्रयोग स्वयं कभी नहीं किया। उनका यह भी मानना है कि मुंशी शब्द सम्मान सूचक है, जिसे प्रेमचंद के प्रशंसकों ने कभी लगा दिया होगा। यह तथ्य अनुमान पर आधारित है। लेकिन प्रेमचंद के नाम के साथ मुंशी विशेषण जुड़ने का प्रामाणिक कारण यह है कि 'हंस' नामक पत्र प्रेमचंद एवं 'कन्हैयालाल मुंशी' के सह संपादन मे निकलता था। जिसकी कुछ प्रतियों पर कन्हैयालाल मुंशी का पूरा नाम न छपकर मात्र 'मुंशी' छपा रहता था साथ ही प्रेमचंद का नाम इस प्रकार छपा होता था- (हंस की प्रतियों पर देखा जा सकता है)।
संपादक मुंशी, प्रेमचंद
'हंस के संपादक प्रेमचंद तथा कन्हैयालाल मुंशी थे। परन्तु कालांतर में पाठकों ने 'मुंशी' तथा 'प्रेमचंद' को एक समझ लिया और 'प्रेमचंद'- 'मुंशी प्रेमचंद' बन गए। यह स्वाभाविक भी है। सामान्य पाठक प्राय: लेखक की कृतियों को पढ़ता है, नाम की सूक्ष्मता को नहीं देखा करता। आज प्रेमचंद का मुंशी अलंकरण इतना रूढ़ हो गया है कि मात्र मुंशी से ही प्रेमचंद का बोध हो जाता है तथा 'मुंशी' न कहने से प्रेमचंद का नाम अधूरा-अधूरा सा लगता है।

विरासत

प्रेमचंद ने अपनी कला के शिखर पर पहुँचने के लिए अनेक प्रयोग किए। जिस युग में प्रेमचंद ने कलम उठाई थी, उस समय उनके पीछे ऐसी कोई ठोस विरासत नहीं थी और न ही विचार और प्रगतिशीलता का कोई मॉडल ही उनके सामने था सिवाय बांग्ला साहित्य के। उस समय बंकिम बाबू थे, शरतचंद्र थे और इसके अलावा टॉलस्टॉय जैसे रुसी साहित्यकार थे। लेकिन होते-होते उन्होंने गोदान जैसे कालजयी उपन्यास की रचना की जो कि एक आधुनिक क्लासिक माना जाता है। उन्होंने चीजों को खुद गढ़ा और खुद आकार दिया। जब भारत का स्वतंत्रता आंदोलन चल रहा था तब उन्होंने कथा साहित्य द्वारा हिंदी और उर्दू दोनों भाषाओं को जो अभिव्यक्ति दी उसने सियासी सरगर्मी को, जोश को और आंदोलन को सभी को उभारा और उसे ताक़तवर बनाया और इससे उनका लेखन भी ताक़तवर होता गया। प्रेमचंद इस अर्थ में निश्चित रुप से हिंदी के पहले प्रगतिशील लेखक कहे जा सकते हैं। 1936 में उन्होंने प्रगतिशील लेखक संघ के पहले सम्मेलन को सभापति के रूप में संबोधन किया था। उनका यही भाषण प्रगतिशील आंदोलन के घोषणा पत्र का आधार बना। प्रेमचंद ने हिन्दी में कहानी की एक परंपरा को जन्म दिया और एक पूरी पीढ़ी उनके कदमों पर आगे बढ़ी, 50-60 के दशक में रेणु, नागार्जुन औऱ इनके बाद श्रीनाथ सिंह ने ग्रामीण परिवेश की कहानियाँ लिखी हैं, वो एक तरह से प्रेमचंद की परंपरा के तारतम्य में आती हैं। प्रेमचंद एक क्रांतिकारी रचनाकार थे, उन्होंने न केवल देशभक्ति बल्कि समाज में व्याप्त अनेक कुरीतियों को देखा और उनको कहानी के माध्यम से पहली बार लोगों के समक्ष रखा। उन्होंने उस समय के समाज की जो भी समस्याएँ थीं उन सभी को चित्रित करने की शुरुआत कर दी थी। उसमें दलित भी आते हैं, नारी भी आती हैं। ये सभी विषय आगे चलकर हिन्दी साहित्य के बड़े विमर्श बने। प्रेमचंद हिन्दी सिनेमा के सबसे अधिक लोकप्रिय साहित्यकारों में से हैं। सत्यजित राय ने उनकी दो कहानियों पर यादगार फ़िल्में बनाईं। 1977 में शतरंज के खिलाड़ी और 1981 में सद्गति। उनके देहांत के दो वर्षों बाद के सुब्रमण्यम ने 1938 में सेवासदन उपन्यास पर फ़िल्म बनाई जिसमें सुब्बालक्ष्मी ने मुख्य भूमिका निभाई थी। 1977 में मृणाल सेन ने प्रेमचंद की कहानी कफ़न पर आधारित ओका ऊरी कथा नाम से एक तेलुगू फ़िल्म बनाई जिसको सर्वश्रेष्ठ तेलुगू फ़िल्म का राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिला। 1963 में गोदान और 1966 में गबन उपन्यास पर लोकप्रिय फ़िल्में बनीं। 1980 में उनके उपन्यास पर बना टीवी धारावाहिक निर्मला भी बहुत लोकप्रिय हुआ था।

पुरस्कार व सम्मान

प्रेमचंद की स्मृति में भारतीय डाकतार विभाग की ओर से 31 जुलाई 1980 को उनकी जन्मशती के अवसर पर 30 पैसे मूल्य का एक डाक टिकट जारी किया गया।गोरखपुर के जिस स्कूल में वे शिक्षक थे, वहाँ प्रेमचंद साहित्य संस्थान की स्थापना की गई है। इसके बरामदे में एक भित्तिलेख है जिसका चित्र दाहिनी ओर दिया गया है। यहाँ उनसे संबंधित वस्तुओं का एक संग्रहालय भी है। जहाँ उनकी एक वक्षप्रतिमा भी है। प्रेमचंद की 125वीं सालगिरह पर सरकार की ओर से घोषणा की गई कि वाराणसी से लगे इस गाँव में प्रेमचंद के नाम पर एक स्मारक तथा शोध एवं अध्ययन संस्थान बनाया जाएगा। प्रेमचंद की पत्नी शिवरानी देवी ने प्रेमचंद घर में नाम से उनकी जीवनी लिखी और उनके व्यक्तित्व के उस हिस्से को उजागर किया है, जिससे लोग अनभिज्ञ थे। यह पुस्तक 1944 में पहली बार प्रकाशित हुई थी, लेकिन साहित्य के क्षेत्र में इसके महत्व का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसे दुबारा 2005 में संशोधित करके प्रकाशित की गई, इस काम को उनके ही नाती प्रबोध कुमार ने अंजाम दिया। इसका अँग्रेज़ीव हसन मंज़र का किया हुआ उर्दूअनुवाद भी प्रकाशित हुआ। उनके ही बेटे अमृत राय ने कलम का सिपाही नाम से पिता की जीवनी लिखी है। उनकी सभी पुस्तकों के अंग्रेज़ी व उर्दू रूपांतर तो हुए ही हैं, चीनी, रूसी आदि अनेक विदेशी भाषाओं में उनकी कहानियाँ लोकप्रिय हुई हैं।

Sunday, September 12, 2010

ये कैसे 'राजा'

पिछले दिनों एक मित्र ने ये तीन चित्र मुझे मेल किए। वैसे तो चित्रों को देखने के बाद ज्‍यादा कुछ कहने की जरूरत नहीं रह जाती। लेकिन हां, इतना जरूर हैं कि इन चित्रों के माध्‍यम से राजनीति और राजनेताओं पर जोरदार कटाक्ष करने का प्रयास किया गया है, और मैं समझता हूं इसमें काफी हद तक सफलता भी मिली होगी। कांग्रेस युवराज, जिनसे समूचा देश उम्‍मीदें लगाए बैठा हैं, इसमें तो उन्‍हें भी नहीं बख्‍शा गया। दूसरे चित्र में तमिलनाडु के मुख्‍यमंत्री एम। करुणानिधि हैं, जो महज चार घंटे की भूख हडताल पर ही एयरकंडीशनर के साथ बैठे। भूख हडताल पर बैठने से पहले उन्‍होंने नाश्‍ता किया और निपटने के बाद लंच। तीसरे चित्र के बारे में मैं आपसे कुछ भी नहीं कहूंगा। आप खुद टिप्‍पणी करेंगे तो ज्‍यादा बेहतर लगेगा। इस मेल को सार्वजनिक करने से पहले कई बार सोचा, लेकिन लगा कि इसे सभी के साथ बांटना ही उचित होगा। क्‍योंकि यह कडवी हकीकत है, जो स्‍वीकार करनी होगी। इसमें कई राजनीतिक लोगों को आपत्ति हो सकती है, लेकिन उनकी टिप्‍पणी भी सहर्ष स्‍वीकार है।

Monday, September 6, 2010

घोंट दिया इंसानियत का गला

आज सुबह जैसे ही अखबार की पहली खबर देखी तो यूं समझों आंखों से आंसू फूट पडे। सामान्‍य तौर पर मैं एक पत्रकार धर्म का पूरा निर्वहन करता हूं और कम से कम ही भावुक होने का प्रयास करता हूं। क्‍योंकि भावनाओं में बहकर पत्रकारिता नहीं की जा सकती। हां, संवेदनशील जरूर होना चाहिए और संवेदनाएं मेरे में कूट कूट भरी है। लेकिन जोधपुर में रेजीडेंट डॉक्‍टरों की हडताल और उसके बाद सात नवजात शिशुओं समेत चौदह की मौत ने मुझे भीतर तक से कचौट दिया। लेबर रूम जैसी जगहों पर नर्सिंग स्‍टाफ प्रसूताओं को छोड भागा तो वार्डों में तडफते मरीजों ने दवा के अभाव में दम तोड दिया। डॉक्‍टरों को यूं तो भगवान का दर्जा शुरू से ही प्राप्‍त है, लेकिन इस घटना बाद मैं तो ताउम्र शायद ही इस पेशे से जुडे लोगों को भगवान कहूं। लोकतंत्र में हर व्‍यक्ति को अपनी बात कहने का पूरा हक है। लेकिन यह हक किसी को नहीं कि अपनी मांग मनवाने के लिए आप किसी का गला घोंट दें। आप सोचेंगे गला तो नहीं घोंटा गया, लेकिन मैं तो इतना कहूंगा कि गला घोंटने से भी बडा अपराध किया गया। सीधा सीधा हत्‍या करना है यह और वह भी तडफा तडफाकर। आप भले ही सहमत हो या न हों, लेकिन मैं जो लिखा, उसे भी कम आंक रहा हूं।

Friday, July 23, 2010

देखो तो कैसा लगता हूं मैं...


मेरा यह कैरीकेचर मेरे अजीज और नामी काटूर्निस् सुरेन्द्र वर्मा ने मेरे आग्रह पर तैयार किया है। वर्मा अपने फनका जादू समूचे सूबे में बिखेर चुके हैं। वह मेरे ही साथ राजस्थान पत्रिका के कोटा कार्यालय में कार्यरत है। पत्रिकाकी ओर से उन्हें कई पुरस्कारों से नवाजा जा चुका है। इसके अलावा उनकी उपलब्धियों को गिनाने लगूंगा तो शायदशब् कम पड जाएंगे। मैंने जैसे ही उन्हें मेरा कैरीकेचर तैयार करने का आइडिया दिया तो वे राजी हो गए और फिरइस कैरीकेचर को बनाकर सभी को दिखाते हुए बोले, ये कौन है... जब साथियों ने मेरा नाम बताया तब वह संतुष्हुए कि उन्होंने जो काम किया है, वह सार्थक रहा।‍‍ ‍ ‍‍ ‍‍ ‍ ‍

Sunday, July 18, 2010

अब हमारी भी विशिष्‍ट पहचान होगी

डॉलर, यूरोप के यूरो, जापान के येन ब्रिटिश पाउंड की तरह अब हमारे रुपएकी भी समूची दुनिया में विशिष् पहचान होगी। पिछले दिनों कैबिनेट ने इसफैसले पर अपनी मुहर लगाई तो खुशी हुई। लगा कि एक नामी अर्थशास्त्री केनेतृत् में हमारे मुल् की सरकार चल रही है। उन्हें भी बधाई और उनकीकैबिनेट को भी। साथ ही मुल् के हर उस नागरिक को, जो दुनिया के किसी भीकौने में इस विशिष् पहचान का लाभ पाने का हकदार होगा। लेकिन इतना हीनहीं, अर्थव्यवस्था से जुडे इससे भी कडे फैसले करने की जरूरत है। ताकि देशको लगे कि हमारे प्रधानमंत्री की पूरे विश् में बतौर अर्थशास्त्री जो पहचान है, वह यूं ही नहीं है। चाहे वो बेलगाम महंगाई का मसला हो या फिर कृषि बैंकिंग क्षेत्र पर सरकारी नियंत्रण का।आज इन सभी मसलों पर सधे हुए कदम उठाने की जरूरत है। ‍ ‍ ‍‍‍ ‍ ‍ ‍‍ ‍‍

Sunday, June 20, 2010

उससे भी बडी त्रासदी यह है...



मेरी तो पैदाइश ही भोपास गैस त्रासदी के एक वर्ष बाद की है। लेकिन इतिहास के काले पन्‍नों से मैंने जितना इस भीषण गैस काण्‍ड के बारे में समझा, शायद वह काफी है। दुनिया की इस सबसे बडी गैस त्रासदी से भी बडी त्रासदी आज के परिप्रेक्ष्‍य में यदि कोई है तो वह है हमारी राजनीति। जिसकी बदौलत हजारों मौतों का गुनाहगार राजकीय सम्‍मान के साथ उसी वक्‍़त विदा कर दिया गया। वारेन एंडरसन के मामले में जितनी लापरवाही तत्‍कालीन सरकार ने बरती, उतनी ही शायद नौकरशाही ने भी। तो क्‍या भारतीय दण्‍ड संहिता की धारा 120 बी के तहत इन लोगों का कोई अपराध नहीं बनता। यदि बनता है तो फिर सरकार चुप क्‍यों है। आज नहीं तो कल जनता को जवाब तो देना ही होगा। चाहे सरकार दें या फिर पर्दे के पीछे से उसे चलानी वाली समानान्‍तर सरकार। गुनाहगार इकलौती यही सरकार नहीं है, वह सभी सरकारें इस दोष से मुक्‍त नहीं हो सकती, जिन्‍होंने इस पूरे मामले पर मौनव्रत धारण किए रखा।

Thursday, June 17, 2010

कहां जा रहे हैं हम...

यह चित्र देखें.... आपको सामान्‍य सा ही लगेगा। मुझे भी लगा था। पर हकीकत यह है कि यह चित्र हमारे आज को दर्शान के लिए काफी है। हम किस ओर जा रहे हैं। इसका जवाब आप खुद इसमें ढूंढ सकते हैं। मां को अपने कलेजे के टुकडे से ज्‍यादा फिक्र शायद अपने पालतू कुत्‍ते की है। मन नहीं चाहता था कि इस चित्र को सबको दिखाउं। लेकिन बाद में सोचा कि इसे दिखाना जरूरी है। क्‍योंकि हकीकत पर यदि पर्दा रखा तो मैं भी उतना ही गुनहगार होउंगा, जितना कि ये मां है। आप देखें और मुझे अपनी टिप्‍पणी जरूर दें।

Saturday, May 15, 2010

ताउम्र याद रहेंगे वो लम्हे...

जनवरी 2009 का वो दिन मैं कभी नहीं भुला सकता। दिवंगत पूर्व उप राष्ट्रपति भैरो सिंह शेखावत एक निजी यात्रा पर बूंदी आए थे। एक पत्रकार के नाते मैं उनसे मिलने उम्‍मेद बाग पहुंचा, बाबो सा से मैंने काफी देर तक बात की। इतने बडे कद की किसी शख्सियत को इतना सहज मैंने तो पहली बार ही देखा था। संवाद के दौरान ही जब अंत में मैंने अपना परिचय दिया तो राजस्‍थान पत्रिका का नाम सुन उन्‍होंने मेरे कंधे पर हाथ रखा और फिर मुझसे मेरे बारे में पूछना शुरू कर दिया। आज बाबोसा हमारे बीच नहीं रहे, लेकिन उनके साथ बिताए उन चंद लम्‍हों को मैं ताउम्र नहीं भुला सकता।

Thursday, May 6, 2010

राजनीति की चपेट में बचपन...

कोटा में भाजपा की एक रैली के दोरान यह द्रश्य रोचक रहा. एक माँ ने अपने लाल को पार्टी के झंडे पे ही सुला दिया

Friday, March 5, 2010

यूँ न निकला करो आजकल रात को...


एक शेर पेश है -
रात में सड़क पे निकलना मना है मेरे देश में यारों ,
न जाने किस अंधे मोड़ पे मौत से भिड़ंत हो जाए.

यह शेर मेरा नहीं है, और न ही किसी मंजे हुए शायर का. यह शेर तो हमारे मध्यप्रदेश के मुख्य-मंत्री महोदय का है. वे अपने मंत्रिमंडलीय सहयोगियों को यह सुझाव दे रहे हैं. और, हो सकता है ऐसी सलाह कल को वे तमाम जनता को दें. अभी तो वे मंत्रियों को कह रहे हैं कि भई, रात-बेरात बाहर सड़क पर न निकलो. तुम्हारे जान-माल का खतरा है. मंत्री वैसे भी जनता जनार्दन से ऊंचे दर्जे के होते हैं, तो उनकी चिंता खास रखनी ही होगी. तो, यदि मंत्रियों को रात-बेरात बाहर जाना हो तो? सड़क मार्ग नहीं, वायुमार्ग का प्रयोग करें. मंत्री बन गए हैं, पर इतना भी नहीं जानते! और जब जनता जनार्दन हो हल्ला मचाने लगेगी तो? चुनावों के समय वोटों का भय दिखाएगी तब? तब उन्हें जनता को भी ऐसी हिदायतें देने में देर नहीं लगेगी. जनता को तैयार रहना चाहिए, ऐसी किसी भी मुश्किल का सामना करने के लिए.
मगर, फिर, रात में ही क्यों? दिन में सड़क में निकलना क्या सुरक्षित है? जनता के लिए तो रात और दिन बराबर हैं. रात में अंधेरी, गड्ढेदार सड़कें आपकी जान की आफत हैं तो दिन में भीड़भाड़, ट्रैफ़िक जाम और बीच सड़क पर ट्रैफ़िक वसूली. जनता तो ख़ैर भुगतने के लिए ही है, मगर मंत्रियों के लिए ज्यादा अच्छा नहीं होता कि तिथि और समय निश्चित कर दिया जाए कि इस नियत तिथि को ही बाहर निकलें, अन्यथा नहीं. फिर उस तिथि और समय पर बढ़िया चाक चौबन्द सुरक्षा व्यवस्था के साथ सड़कों के गड्ढे इत्यादि पाट कर चकाचक कर दिया जाए ताकि कोई समस्या न रहे, कोई खतरा न रहे – जैसे कि वीवीआईपी के लिए होता है?

एक और शेर -
जॉनी तुम यूँ निकला न करो बन ठन के,
न जाने किस गली तुम्हें लूट लिया जाए.

ये शेर भी मेरा नहीं है, और न ही किसी उस्ताद शायर का. ये जबरदस्त शेर ऑस्ट्रेलिया के मंत्री महोदय का है. अभी कुछ दिन पहले ऑस्ट्रेलिया के मंत्री महोदय ने वहाँ के प्रवासी भारतीय जनता को सलाह दी थी कि वे भिखारियों की तरह के कपड़े पहन कर बाहर निकलें, अमीरों की तरह नहीं, ताकि उन पर जातीय और नस्ली प्रहार न हों. उन्हें ये भी हिदायतें दी गई थीं कि आभूषण पहन कर न निकलें, अपने महंगे आई-फोन को दिखाते हुए बात न करें और न ही गाने सुनें. सारी हिदायतें मानवीय गुणों, मानवीय स्वभाव के विरूद्ध! और, अभी तो भारतीय प्रवासियों के लिए ये सलाहें दी गई हैं, कल को ये जातीय और नस्ली हिंसा अन्य जातियों और अन्य नस्लों पर भी होने लगें तब? और, अब जब सरकार ने सलाह दे दी है, तो भिखारी की तरह नजर आते किसी शख्स की ख़ैर नहीं. वो उत्पाती ऑस्ट्रेलियाइयों की निगाह में सबसे पहले आएगा.
मैं अभी ऑस्ट्रेलिया में तो नहीं हूँ, अतः मैं भिखारियों जैसे कपड़े पहनने के लिए अभिशप्त नहीं हूं. मैं अभी मंत्री भी नहीं हूं, और ईश्वर की दया से रात्रि में घूम सकता हूं, क्योंकि ये सलाह अभी मुझ जनता को नहीं मिली है.
शुक्र है!

मैं शायर तो नहीं...पर कम भी नहीं

राह चलते सबसे मिला
हुआ नहीं किसी से गिला
लगातार चले ये सिलसिला
उसी आस में जी रहा
पानी घाट-घाट का पी रहा
ध्वज मैं कोई लहराता नहीं
यारों से मैं कतराता नहीं
यहीं सच है कि मैं हूं एक सैलानी

Friday, February 26, 2010

ब्लॉग के लिए खुद कम्पोज करता हु-अमर सिंह

अमर सिंह का ब्लॉग चर्चित हो चुका है .कुछ दिन पहले अमर सिंह से एक पत्रकार ने पुछा कि ब्लाग के लिए क्या बोल कर लिखवाते है , जवाब था खुद कम्पोज करता हूँ .फिर बातचीत राजनैतिक मुद्दों पर मुड़ी .पिछले विधानसभा चुनाव में वीपी सिंह के आंदोलन की कवरेज की और इस सिलसिले में राजबब्बर के साथ लम्बी यात्रा भी की .कुशीनगर हो या फिर बहराइच ,देर रात तक सभाए होती और फिर चर्चा व खाना पीना .निशाने पर तब अमर सिंह होते थे .वीपी का जनमोर्चा सिर्फ एक सीट जीत पाया क्योकि ठीक चुनाव के वक्त राजबब्बर ने राहुल गाँधी के चक्कर में करीब बीस दिन का समय कांग्रेस से चुनावी तालमेल की बातचीत में निकाल दिया .बाकि कसर छोटे दलों की सौदेबाजी से पूरी हो गई .पर वीपी के जनमोर्चा ने जो माहौल बनाया उससे मुलायम सिंह बुरी तरह हारे और मायावती सत्ता में आई .तब मै खुद लिखता था कि मायावती को सत्ता मिल चुकी है कुर्सी मिलनी बाकी है .हालाँकि ज्यादातर लोग मुलायम की दोबारा वापसी की बात कह रहे थे .इस पृष्ठभूमि में अमर सिंह से उनके भावी कार्यक्रमों पर भी चर्चा हुई .अमर सिंह ने बताया कि चौधरी अजित सिंह से बातचीत हुई है ,खासकर छोटे राज्यों को लेकर .आजमगढ़ की जनसभा में राजा बुंदेला भी आ रहे है .मैंने पूछा क्या यह मुलायम के खिलाफ वीपी जैसे अभियान की शुरुवात नहीं है खासकर जिस तरह छोटे छोटे दलों का अमर सिंह साथ लेते जा रहे है .अमर सिंह ने कहा -वीपी सिंह महान नेता थे ,उनसे तुलना नहीं हो सकती .मैंने कहा तुलना वीपी से नहीं उनकी रणनीति से कर रहा हूँ .अमर सिंह ने आगे कहा -यह जरुर कहूँगा कि जब वीपी सिंह और राजबब्बर ने मोर्चा खोला था तब मुलायम के साथ बेनी वर्मा ,आज़म खान और अमर सिंह थे और जनेश्वर मिश्र जिन्दा थे .आज मुलायम के साथ सिर्फ परिवार है .

Wednesday, February 24, 2010

दुनिया ओ दुनिया तेरा जवाब नहीं...... इस देश में जब तक आप और हम जैसे नेक व शरीफ लोग रहेंगे तब तक ऐसे ही होगा........

Sunday, February 21, 2010

26/11 यानी हर आंख में आंसू...और दिल में दर्द के प्रायोजक हैं न्यूज़ चैनल

.....मोहन आगाशे तो कह सकता है प्रसून....लेकिन अपन किससे कहें। क्यों आपके पास पूरा न्यूज चैनल का मंच है..जो कहना है कहिये..यही काम तो बीते तीन सालों से हो रहा है। यही तो मुश्किल है.....जो हो रहा है वह दिखायी दे रहा है..लेकिन जो करवा रहा है, वही गायब है । असल में शनिवार यानी 28 नवंबर को देर शाम मुबंई में मीडिया से जुडे उन लोगो से मुलाकात हुई जो न्यूज चैनलों में कार्यक्रमों को विज्ञापनों से जोड़ने की रणनीति बनाते हैं। और 26/11 को लेकर कवायद तीन महीने पहले से चलने लगी।

लेकिन किस स्तर पर किस तरह से किस सोच के तहत कार्यक्रम और विज्ञापन जुड़ते हैं, यह मुंबई का अनुभव मेरे लिये 26/11 की घटना से भी अधिक भयावह था। और उसके बाद जो संवाद मुंबई के चंद पत्रकारों के साथ हुआ, जो मराठी और हिन्दी-अग्रेजी के राष्ट्रीय न्यूज चैनलों से जुड़े थे, वह मेरे लिये आतंकवादी कसाब से ज्यादा खतरनाक थे।

जो बातचीत में निकला वह न्यूज चैनलों के मुनाफा बनाने की गलाकाट प्रतियोगिता में किस भावना से काम होता अगर इसे सच माना जाये तो कैसे.....जरा बानगी देखिये। एक न्यूज चैनल में मार्केटिंग का दबाव था कि अगर सालस्कर...कामटे और करकरे की विधवा एक साथ न्यूज चैनल पर आ जायें और उनके जरिये तीनो के पति की मौत की खबर मिलने पर उस पहली प्रतिक्रिया का रिक्रियेशन करें और फिर इन तीनो को सूत्रधार बनाकर कार्यक्रम बनाया जाये तो इसके खासे प्रयोजक मिल सकते हैं । अगर एक घंटे का प्रोग्राम बनेगा तो 20-25 मिनट का विज्ञापन तो मार्केटिग वाले जुगाड लेंगे। यानी 10 से 15 लाख रुपये तो तय मानिये।

वहीं एक प्रोग्राम शहीद संदीप उन्नीकृष्णन के पिता के उन्नीकृष्णन के ऊपर बनाया जा सकता है । मार्केटिंग वाले प्रोग्रामिंग विभाग से और प्रोग्रामिग विभाग संपादकीय विभाग से इस बात की गांरटी चाहता था कि प्रोग्राम का मजा तभी है, जब शहीद बेटे के पिता के. उन्नीकृष्णन उसी तर्ज पर आक्रोष से छलछला जायें, जैसे बेटे की मौत पर वामपंथी मुख्यमंत्री के आंसू बहाने के लिये अपने घर आने पर उन्होंने झडक दिया था। यानी बाप के जवान बेटे को खोने का दर्द और राजनीति साधने का नेताओ के प्रयास पर यह प्रोग्राम हो।

विज्ञापन जुगाड़ने वालो का दावा था कि अगर इस प्रोग्राम के इसी स्वरुप पर संपादक ठप्पा लगा दे तो एक घंटे के प्रोग्राम के लिये ब्रांडेड कंपनियो का विज्ञापन मिल सकता है । 8 से 10 लाख की कमायी आसानी से हो सकती है। वहीं विज्ञापन जुगाड़ने वाले विभाग का मानना था कि अगर लियोपोल्ड कैफे के भीतर से कोई प्रोग्राम ठीक रात दस बजे लाइव हो जाये तो बात ही क्या है। खासकर लियोपोल्ड के पब और डांस फ्लोर दोनों जगहों पर रिपोर्टर रहें। जो एहसास कराये कि बीयर की चुस्की और डांस की मस्ती के बीच किस तरह आतंकवादी वहां गोलियों की बौछार करते हुये घुस गये। .....कैसे तेज धुन में थिरकते लोगों को इसका एहसास ही नहीं हुआ कि नीचे पब में गोलियों से लोग मारे जा रहे हैं.....यानी सबकुछ लाइव की सिचुएशन पैदा कर दी जाये तो यह प्रोग्राम अप-मार्केट हो सकता है, जिसमें विज्ञापन के जरीये दस-पन्द्रह लाख आसानी से बनाये जा सकते हैं।

और अगर लाइव करने में खर्चेा ज्यादा होगा तो हम लियोपोल्ड कैफे को समूचे प्राईम टाइम से जोड़ देंगे। जिसमें कई तरह के विज्ञापन मिल सकते हैं। यानी बीच बीच में लियोपोल्ड दिखाते रहेंगे और एक्सक्लूसिवली दस बजे। इससे खासी कमाई चैनल को हो सकती है । लेकिन मजा तभी है जब बीयर की चुस्की और डांस फ्लोर की थिरकन साथ साथ रहे। एक न्यूज चैनल लीक से हटकर कार्यक्रम बनाना चाहता था। जिसमें बच्चों की कहानी कही जाये। यानी जिनके मां-बाप 26/11 हादसे में मारे गये......उन बच्चों की रोती बिलकती आंखों में भी उसे चैनल के लिये गाढ़ी कमाई नजर आ रही थी। सुझाव यह भी था कि इस कार्यक्रम की सूत्रधार अगर देविका रोतावन हो जाये तो बात ही क्या है। देविका दस साल की वही लड़की है, जिसने कसाब को पहचाना और अदालत में जा कर गवाही भी दी।

एक चैनल चाहता था एनएसजी यानी राष्ट्रीय सुरक्षा जवानो के उन परिवारो के साथ जो 26/11 आपरेशन में शामिल हुये । खासकर जो हेलीकाप्टर से नरीमन हाऱस पर उतरे। उसमें चैनल का आईडिया यही था कि परिजनो के साथ बैठकर उस दौरान की फुटेज दिखाते हुये बच्चों या पत्नियो से पूछें कि उनके दिल पर क्या बीत रही थी जब वे हेलीकाप्टर से अपनी पतियों को उतरते हुये देख रही थीं। उन्हें लग रहा था कि वह बच जायेंगे। या फिर कुछ और.......जाहिर है इस प्रोग्राम के लिये भी लाखों की कमाई चैनल वालो ने सोच रखी थी।

26/11 किस तरह किसी उत्सव की तरह चैनलों के लिय़े था, इसका अंदाज बात से लग सकता है कि दीपावली से लेकर न्यू इयर और बीत में आने वाले क्रिसमस डे के प्रोग्राम से ज्यादा की कमाई का आंकलन 26/11 को लेकर हर चैनल में था। और मुनाफा बनाने की होड़ ने हर उस दिमाग को क्रियटिव और अंसवेदवशील बना दिया था जो कभी मीडिया को लोगों की जरुरत और सरकार पर लगाम के लिये काम करता था।

जाहिर है न्यूज चैनलों ने 26/11 को जिस तरह राष्ट्रभक्ति और आतंक के खिलाफ मुहिम से जोड़ा, उससे दिनभर कमोवेश हर चैनल को देखकर यही लगा कि अगर टीवी ना होता तो बेडरुम और ड्राइंग रुम तक 26/11 का आक्रोष और दर्द दोनों नहीं पहुंच पाते । लेकिन 26/11 की पहली बरसी के 48 घंटे बाद ही मुबंई ने यह एहसास भी करा दिया कि आर्थिक विकास का मतलब क्या है और मुंबई क्यों देश की आर्थिक राजधानी है। और कमाई के लिये कैसे न्यूज चैनल ब्रांड में तब्दील कर देते है 26/11 को। याद किजिये मुबंई हमलों के दो दिन बाद प्रधानमंत्री 28/11/2008 को देश के नाम अपने संबोधन में किस तरह डरे-सहमे से जवानों के गुण गा रहे थे। वही प्रधानमंत्री मुंबई हमलों की पहली बरसी पर देश में नहीं थे बल्कि अमेरिका में थे और घटना के एक साल बाद 25/11/2009 को अमेरिकी जमीन से ही पाकिस्तान को चुनौती दे रहे थे कि गुनाहगारो को बख्शा नहीं जायेगा। तो यही है 26/11 की हकीकत, जिसमें टैक्सी ड्राइवर मोहन आगाशे का अपना दर्द है.......न्यूज चैनलो की अपनी पूंजी भक्ति और प्रधानमंत्री की जज्बे को जिलाने की अपनी राष्ट्र भक्ति। आपको जो ठीक लगे उसे अपना लीजिये ।

पत्रकार जगत की कलई खोलता यह आलेख हे पत्रकार पुण्य प्रसून वाजपेयी ने

खाओगे तो दिखेगा भी सही

खाओगे तो दिखेगा भी सही

रिश्ते तार तार

कोटा। रिश्तों पर एक सामाजिक बंदिश इतनी भारी पड़ गई कि भाई ने अपनी बहन के शव को छूने तक की जेहमत नहीं उठाई।जगपुरा निवासी मृतका मंजू बाई के मामले में जो कहानी सामने आई वह हर किसी को भीतर तक कचौट गई। मृतका के परिजनों ने उसका शव लेने तो क्या छूने से भी इनकार कर दिया।रंगबाड़ी स्थित न्यू मेडिकल कॉलेज में महिला की मौत के बाद जब पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि बरसों पहले मृतका हेमराज के नाते चली गई थी। बाद में हेमराज की भी मृत्यु हो गई और इसी बीच, उसके एक बच्चा भी हुआ। इस पर बिरादरी के लोगों ने उसे जाति बदर कर दिया। बिरादरी के इस फरमान को लांघने की हिम्मत मृतका के भाई व अन्य परिजनों ने नहीं दिखाई। जब शव लेने के लिए पुलिस ने उनसे सम्पर्क साधा तो उन्होंने कहा कि यदि वे उसका शव ले आएंगे तो उन्हें भी जाति से बाहर कर दिया जाएगा। परिजनों के नहीं आने पर शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर कर्मयोगी संस्था को सौंप दिया गया।फोटो दिखाया और कहा, "यह है मेरी मां..."-राकेश वह अभागा दस वर्षीय मासूम है, जिसे न बाप का प्यार मिला और परिजनों का दुलार। इस जहां में यदि उसका कोई था तो वह थी उसकी मां। मां की भी क्षय रोग से मृत्यु हो गई। अब धरती उसका बिछौना और आसमां ही उसकी छत है। श्रीनाथपुरम् इलाके की एक कच्ची टापरी में करीब ढाई माह से वह अपनी मां के साथ रह रहा था। शनिवार को यह संवाददाता टापरी पर पहुंचा तो राकेश बाहर खड़ा था। पिता के बारे में तो उसे कुछ पता नहीं। मां के बारे में पूछा तो उसने जेब से एक फटा सा पर्स निकाला और उसमें से एक फोटो निकालते हुए कहा "यह है मेरी मां...।" इस बच्चे को पुलिस ने डेरा सच्चा सौदा के सेवादार राजेन्द नागर और श्रीनाथपुरम् की ही एक टापरी में रहने वाले पप्पू को संभलाया है।"हमने परिजनों से सम्पर्क किया था, लेकिन उन्होंने शव लेने से मना कर दिया। उन्होंने बताया कि महिला जाति से बाहर है और उसका शव लेंगे तो हमें भी जाति बदर कर दिया जाएगा। इस पर पोस्टमार्टम के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए कर्मयोगी संस्था को सौंप दिया गया।"-राधाकृष्ण, जांच अधिकारी, महावीर नगर थाना"बच्चे को अनाथाश्रम में रखेंगे। वहां उसके खाने-पीने और रहने की व्यवस्था ठीक से हो जाएगी। यदि वह चाहेगा तो उसे पढ़ाने का भी प्रयास रहेगा।"-राजेन्द्र नागर, सेवादार, डेरा सच्चा सौदा

Saturday, February 20, 2010

जॉर्ज फर्नाडिज लापता!

काफी समय से गम्भीर रूप से बीमार चल रहे पूर्व रक्षा मंत्री जॉर्ज फर्नाडिज अचानक गायब हो गए हैं। जॉर्ज के एक करीबी मित्र का आरोप है कि जॉर्ज से काफी समय से अलग रह रही पत्नी व पुत्र उनको अज्ञात स्थान पर ले गए हैं। जॉर्ज के दिल्ली स्थित आवास का मुख्य दरवाजा बंद है। और किसी को भी नहीं पता है कि जॉर्ज कहां रह रहे हैं। जॉर्ज के मित्र अजय सिंह का कहना है कि जॉर्ज से काफी समय से अलग रह रही उनकी पत्नी लैला का कहना है कि वह जॉर्ज का बेहतर इलाज कराने के लिए उनको कहीं ले गई है। लेकिन हमें उनका कोई अता पता नहीं है। इस बीच जॉर्ज के एक और करीबी मित्रों ने सुप्रीम कोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश एम.एन. वैंकटचलैया के नेतृत्व में जॉर्ज के बारे में जानकारी के लिए हस्ताक्षर अभियान शुरू कर दिया है। जॉर्ज के मित्र अजय सिंह ने कहा कि यह बड़े दुख की बात है कि लाखों लोगों की आवाज को बुलंद करने वाले जॉर्ज आज खुद अपनी तकलीफ का इजहार नहीं कर पा रहे हैं। जॉर्ज अल्जाइमर बीमारी से पीडित हैं। वे अपनी याददाश्त खो चुके हैं और इसी का उनकी पत्नी अनुचित लाभ उठा रही है। हम उनके बारे में जानना चाहते हैं। उल्लेखनीय है कि जॉर्ज की बीमारी की खबर मिलते ही लैला व सील करीब दो दशक बाद उनका हालचाल लेने के लिए हाल ही में दिल्ली पहुंचे थे। उनका कहना है कि जॉर्ज के भाई व मित्र 25 करोड़ की रकम को हड़पना चाहते हैं। हालांकि जॉर्ज के चारों भाईयों ने इन आरोपों को खारिज किया है।

चंदनमल बैद नहीं रहे

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री चंदनमल बैद का आज निधन हो गया। वे 88 वर्ष के थे। उनके निधन की सूचना मिलते ही राजनीतिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। लम्बे समय तक विभिन्न विभागों में मंत्री रहे बैद कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष भी रहे। कल सुबह चांदपोल शमशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।बैद पहली विधानसभा 1952 में विधायक चुने गए थे। 1952, 1957, 1962 और 1972 में सरदारशहर से जबकि 1980 और 1990 से तारानगर से विधायक चुने गए। पहली बार बैद जयनारायण व्यास की सरकार में उपमंत्री बने। इसके बाद वे सुखाडिया, बरकतुल्ला खां हरदेव जोशी, जगन्नाथ पहाडिया और गहलोत सरकार में भी मंत्री रहे। उन्होंने शिक्षा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य वित्त योजना आबकारी, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी ऊर्जाü, इंदिरा गांधी नहर तथा सिचिंत क्षेत्र जैसे महत्वपूर्व विभोगों का सफलतापूर्वक दायित्व संभाला। बैद का जन्म 27 अक्टूबर 1922 में सरदारशहर में हुआ। एमए तथा एलएलबी तक की शिक्षा ग्रहण करने के बाद बैद ने कांग्रेस के माध्यम से सार्वजनिक जीवन में प्रवेश किया। उल्लेखनीय है कि बैद के पुत्र सी एस बैद भी तारानगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे हैं।

थोड़ी थोड़ी पिया करो

बिल्टी साबुन की, निकली शराब

कोटा। आबकारी निरोधक दल ने गुरूवार देर रात बारां रोड पर नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक से 890 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। यह शराब मध्यप्रदेश से तस्करी कर सीमावर्ती जिले बारां के रास्ते राजस्थान में लाई जा रही थी। इसकी कीमत साढ़े 21 लाख रूपए आंकी गई है।

मुखबिर की सूचना पर उप निदेशक प्रवर्तन सुरेन्द्र सिंह भाटी ने सहायक निदेशक प्रवर्तन आशीष भार्गव व नरेन्द्र मीणा के नेतृत्व में एक टीम गठित कर बारां रोड पर मानपुरा गांव के आगे नाकाबंदी शुरू कराई। शक होने पर एक ट्रक को रोककर तलाशी ली तो ट्रक से 280 पेटी रम और 610 पेटी जिन की बरामद की गई।

यह शराब खरगोन (मध्यप्रदेश) में निर्मित और केवल अरूणाचल प्रदेश में बिक्री योग्य है। ट्रक व शराब को जब्त कर चालक भिलाय (छत्तीसगढ़) निवासी गुरूवेल सिंह व उसके साथ ट्रक में मौजूद कुन्दू सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों को न्यायालय में पेश कर चार दिन के रिमाण्ड पर सौंपा गया है।

पहले भी करते रहे तस्करी

पूछताछ में चालक ने बताया कि यह माल इंदौर निवासी लड्डू भैय्या उर्फ लड्डू सेठ ने भेजा था। ट्रक बड़गांव के निकट खड़ा करना था। वहां से माल दूसरे लोगों को "ठिकाने" लगाना था। पुलिस ने लड्डू सेठ व ट्रक मालिक को भी प्रकरण में अभियुक्त बनाया है। गिरफ्तार चालक ने पहले भी दो-तीन बार इस तरीके से माल लाना कबूला है।

फर्जी बिल्टियां बरामद

सहायक निदेशक भार्गव ने बताया कि ट्रक रोककर जब चालक से पूछा गया तो उसने ट्रक में साबुन की पेटियां होना बताई। उसने पारसमल एण्ड कम्पनी नांदेड़ (महाराष्ट्र) का 925 पेटी साबुन का बिल भी दिखाया। चालक से सम्राट रोडलाइंस, कटारिया कॉम्पलेक्स, देवास नाका, इंदौर की दो दर्जन बिल्टियां भी बरामद की गई है। ऎसे में यह माना जा रहा है कि अवैध शराब को ठिकाने तक पहुंचाने के लिए इन बिल्टियों का सहारा लिया जाता था।

एक मामला, चार राज्य

शराब का निर्माण स्थल और उसे भेजने वाला तस्कर मध्यप्रदेश का, बिक्री के लिए चुना राजस्थान। बरामद शराब अरूणाचल प्रदेश में बिक्री के लिए थी और शराब परिवहन कर रहा ट्रक निकला गुजरात का। एक बार तो खुद आबकारी निरोधक दल के अधिकारी भी चौंक गए कि शराब तस्कर कितना शातिर है।

अपने ही करा रहे जासूसी

अब रोडवेज "फ्लाइंग" (गश्ती दल) की भी "जासूसी" की जाने लगी है। जासूसी कराने वालों ने सूचना तंत्र मजबूत बनाने का इन दिनों एक नया तरीका ढूंढा है। अब "मुखबिरों" को वाहन मुहैया कराए जा रहे हैं, जो "फ्लाइंग" का पीछा करते हैं। इसका असर यह हुआ कि मुख्यालय से "फ्लाइंग" की रवानगी के साथ ही पूरा रूट "अलर्ट" हो जाता है। ताजा मामला झालावाड़ जिले का है, जहां एक निजी वैन पूरे मार्ग में "फ्लाइंग" का पीछा करती रही।"फ्लाइंग" आगे, मुखबिर पीछेसूत्रों ने बताया कि 10 फरवरी को झालावाड़ जिले के विभिन्न मार्गो पर बसों का निरीक्षण करने गई जोनल "फ्लाइंग" को चांदखेड़ी (खानपुर) चौराहे पर एक वैन मिली। यह वैन पूरे रूट पर "फ्लाइंग" का पीछा करती रही। अधिकारियों ने वैन चालक को छकाने के लिए कार को खानपुर कस्बे में ले लिया तो वह वहां तक भी आ धमकी। "फ्लाइंग" इकलेरा की ओर निकली तो वहां पहले से एक मोटरसाइकिल चालक तैयार मिला। नतीजतन इस रूट पर मिली तीनों बसों में एक भी यात्री बगैर टिकट नहीं मिला। "फ्लाइंग" ने अपनी रिपोर्ट में उक्त वैन के नम्बर भी दर्ज किए हैं।लाल रंग की कारइससे पहले जनवरी में चले सात दिवसीय विशेष अभियान में भी गश्ती दल एक लाल रंग की कार से खासा त्रस्त रहा। इस गाड़ी ने गश्ती दल का पीछा करते हुए कमोबेश संभाग के सभी जिले नाप डाले। रोडवेज के अघिकारी खुद यह सवाल उठाते हैं कि इस सूचना तंत्र के लिए रकम कौन खर्च करता होगा? मैं और यातायात निरीक्षक झालावाड़ जिले में चैकिंग के लिए गए थे। वहां एक वैन हमारा पीछा करती रही। वैन के नम्बर अधिकारियों को बताए हैं।"-सोहनलाल यादव, जांच अघिकारी, रोडवेज, कोटा डिपो

और खाली हो गई जेल

राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के जेल में आज सुबह 23 कैदी फरार हो गए हैं। सुबह पौने सात बजे करीब दो दर्जन कैदियों ने संतरी की राइफल छीन ली और राइफल से गेट पर तैनात हेडकांस्टेबल सहित दो जेलकर्मियों की धुनाई कर फरार हो गए। जेल से एक साथ 23 कैदियों के फरार होने की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। प्रदेश की किसी भी जेल से इतनी बड़ी तादाद में एक साथ कैदियों के फरार हो जाने की यह पहली घटना है। फरार कैदियों की तलाश में राज्य भर में हाइ अलर्ट जारी किया गया है। फरार कैदियों में चार हत्या और आठ कैदी मादक पदार्थ के कुख्यात तस्कर बताए गए हैं। मौके पर जिला कलक्टर आरूषि मलिक और पुलिस अधीक्षक गिरिराज मीणा सहित अन्य अधिकारी पहुंच गए हैं। पुलिस को अभी तक फरार कैदियों का सुराग नहीं मिला है।
भागने के लिए चाय का समय चुनापुलिस अधीक्षक मीणा ने बताया कि चित्तौड़ जिला कारागृह में सुबह करीब सात बजे रोज की तरह जेल प्रहरी दूध-चाय के लिए कैदियों के बैरक के पास गया, तभी कुछ कैदी बैरक का लॉक खोल कर बाहर आ गए। कैदियों को बैरक के बाहर देख कर संतरी सोहनलाल ने उनकी तरफ राइफल तानी। इस पर कैदियों ने सोहनलाल पर हमला कर दिया और उसकी राइफल छीन ली। कैदियों ने राइफल के बट से सोहनलाल और हेडकांस्टेबल दिनेश श्रीमाली की धुनाई कर दी।संतरी को बैरक में डालाबताया जाता है कि कैदियों ने सोहनलाल और दिनेश को बैरक में बंद कर दिया और एक-एक कर जेल से 23 कैदी बाहर निकल गए। कैदी संतरी की राइफल भी अपने साथ ले गए। कैदी जेल के बाहर खड़ी सफेद टवेरा गाड़ी और दूधिये की लूना ले भागे। कैदियों की तलाश में आस-पास के जिलो में कड़ी नाकाबंदी कर दी गई है। उल्लेखनीय है कि जेल में कुल 276 कैदी मौजूद हैं और उनकी सुरक्षा के लिए मात्र सात सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी जेल प्रशासन पर सवाल खड़े करती है। डीजी भी रवाना स्थिति का जायजा लेने के लिए जेल डीजी ओमेंद्र भारद्वाज भी गुरूवार सुबह जयपुर से चित्तौड़गढ़ रवाना हो गए। सुनियोजित फरारी जिला कारागृह के जिस बैरक से कैदी फरार हुए हैं, उस बैरक के गेट का लॉक करीब एक सप्ताह से खराब था। इस मामले में संतरी ने कारागृह प्रशासन को सूचना भी दे दी थी। इसके बावजूद बैरक के लॉक को ठीक नहीं करवाया गया। माना जा रहा है कि जिस टवेरा गाड़ी से कैदी भागे, उसका इंतजाम भी कैदियों ने जेल के बाहर मौजूद अपने साथियों की मदद से किया था।नंगे पैर भागे बताया जाता है कि जेल से फरार सभी कैदी नंगे पैर थे। संतरी और हेडकांस्टेबल पर हमला करने के बाद सभी कैदी जेल से नंगे पैर ही फरार हो गए। वाह ! रिकॉर्ड ही बनवा दियाजयपुर। चित्तौडगढ़ जेल से भागे 23 कैदियों ने जेल विभाग के लिए नया इतिहास रचा है। इससे पहले वर्ष 1984-85 में बांसवाड़ा की जिला जेल से एक साथ 22 कैदी फरार हुए थे, जिसमें कैदियों को लीडर एक कुख्यात डकैत था। हालांकि बाद में पुलिस ने उसे धर दबोचा था, लेकिन यही कुख्यात डकैत 1987 में एक बार फिर सात कैदियों के साथ जेल की सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए फरार हो गया और आज तक नहीं लौटा। उसके बाद 2006 में बीलाड़ा जेल से एक साथ सात कैदी जेल की दीवार में छेद कर फरार हो गए थे। इसी तरह 2007 में निम्बाहेड़ा जेल से भी 12 कैदी संतरी और जेलरों को बेहोशी की दवाइयां देकर फरार होने में कामयाब रहे।
90 प्रतिशत से ज्यादा जेलें ओवर फ्लो राज्य की जेलों की स्थिति का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि राज्य की आठ सेंट्रल जेलों, 25 से ज्यादा जिला जेलों और 16 से ज्यादा सब जेलों में से 90 प्रतिशत जेलों में निर्धारित संख्या से काफी अधिक कैदियों को रखा गया है। राजस्थान जेल के रिकार्ड्स पर नजर दौड़ाई जाए तो आठ सेंटल जेलों में महिला और पुरूष कैदियों को मिलाकर मात्र 7970 कैदी रखने की क्षमता है। जबकि इस समय सेंट्रल जेलों में 12300 से भी ज्यादा ठूसें गए हैं। वहीं राज्य की 25 जिला जेलों और 17 सब जेलों में 5889 कैदी रखने की क्षमता है, इसके उलट इस समय इन जगहों पर 10100 कैदी ठूंसे गए हैं। इतना ही नहीं महिला जेल में रहने वाली कैदियों के बच्चों के बारे में आंकड़ों में जानकारी नही दी गई है।

क्यों नहीं बन रही माँ

मुंबई। बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन की बहु ऎश्वर्या बच्चन काफी समय से मां बनना चाह रही है लेकिन ऎसा नहीं हो पा रहा है । इस वजह से पूरा बच्चन परिवार काफी परेशान है। सूत्रों के मुताबिक ऎश्वर्या को पेट का टीबी है और इसके लिए ली जा रही दवाओं के कारण वह प्रेगनेंट नहीं हो पा रही हैं। बीमारी के दौरान प्रेग्नेंसी में खतरा बताया जा रहा है। ऎश्वर्या राय काफी समय से इसका इलाज भी करवा रही है। इससे पहले सोशल नेटवर्किंग साइट टि्वटर पर पति अभिषेक बच्चन ने भी उनकी बीमारी की बात कही थी, लेकिन बीमारी के संबंध में किसी तरह का खुलासा नहीं किया था। फैन्स को इतना ही बताया था कि वह धीरे धीरे ठीक हो रही हैं और जल्द फिल्मों में लौटेंगी। अपनी बात मजबूत करने के लिए उसी क्रम में अपनी नानी के जन्मदिन पर ऎश्वर्या के भोपाल जने की बात भी कही थी।
37 साल की ऎश्वर्या ने कुछ समय पहले खुद भी मां बनने की मंशा जाहिर की थी। लेकिन उन्होंने भी अपनी बीमारी की बात छिपाए रखी थी। उनकी बीमारी से बच्चन परिवार की चिंता बढ़ गई है। माना जा रहा है कि इसी कारण से कुछ समय पहले अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग पर अमीरों को टीबी ( द रिच मैन्स टीबी) के बारे में कुछ लिखा था। हालांकि उन्होंने भी कुछ स्पष्ट नहीं किया था, लेकिन उस ब्लॉग को ऎश्वर्या की खबर से जोड़ कर देखने से उनकी नाराजगी साफ उभर आती है। परिवार ने हालांकि सब कुछ वक्त पर छोड़ दिया है, लेकिन कब का सवाल अब भी बना हुआ है। ऎश्वर्या की उम्र ढलती जा रही है। समय जितना गुजरेगा, मां बनने में उतनी ही परेशानी आ सकती क्यूं मां नहीं बन पा रही ऎश्वर्या राय...

Friday, February 19, 2010

मालामाल अधीक्षण अभियंता

कोटा। गुमानपुरा पुलिस ने शुक्रवार को 54.67 लाख रूपए का "काला धन" आयकर विभाग के हवाले कर दिया। यह रकम एक जमीन के सौदे की थी, जिसे भू-स्वामी प्लास्टिक की बोरी में भरकर बैंक के लॉकर में जमा करा रहा था। पुलिस नोटों से भरी बोरी थाने ले आई, जिसे बाद में आयकर विभाग को सौंप दिया गया। थानाधिकारी भगवतसिंह हिंगड़ ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति हवाला कारोबार से अर्जित रकम को पंजाब नेशनल बैंक की छावनी शाखा के लॉकर में जमा करा रहा है। इस पर पुलिस मौके पर पहुंची तो बीकानेर निवासी जल संसाधन विभाग के सेवानिवृत्त अधीक्षण अभियंता (मैकेनिकल) शंकरलाल वर्मा एक प्लास्टिक की बोरी में से नोट निकालकर अपने लॉकर में रख रहे थे। मौके से मिली रकम को थाने लाकर आयकर विभाग को सौंप दिया गया।1.38 करोड़ में हुआ था सौदापूछताछ में शंकरलाल वर्मा ने पुलिस को बताया कि बोरखण्डी में सेमकोर फैक्ट्री के सामने उनकी आठ बीघा जमीन है, जो वर्ष 2009 में उन्होंने एस.के. प्रोपर्टी, बोरखेड़ा के रवीन्द्र सहाय को 1.38 करोड़ में बेची थी। जमीन के पेटे 66 लाख रूपए पहले दिए जा चुके थे। वे शुक्रवार को अदा की गई 47 लाख रूपए की रकम लॉकर में जमा कराने आए थे।पुलिस ने 47 लाख और पहले से लॉकर में रखे 7.67 लाख रूपए अपने कब्जे में लेकर आयकर विभाग को सुपुर्द कर दिए।...और बेच दिए भूखण्डलॉकर में रकम जमा कराते समय शंकरलाल वर्मा के साथ मौजूद एस.के. प्रोपर्टी के साझीदार घनश्याम ने पुलिस को बताया कि उन्होंने खरीदी गई जमीन पर श्री लक्ष्मण विहार के नाम से कॉलोनी काटी है, जिसमें 88 भूखण्ड हैं, सभी बेचे जा चुके हैं। भूखण्ड खरीदने वालों से 60 हजार रूपए अग्रिम और शेष राशि तीन-तीन हजार रूपए की किश्तों में ली जा रही है। जैसे-जैसे उनके पास रकम जमा होती है, वैसे ही भू-स्वामी को दिए जा रहे हैं।कागज के टुकड़े पर सवा करोड़ से ज्यादा का सौदासवा करोड़ से ज्यादा के इस सौदे को आयकर बचाने के लिए क्रेता और विक्रेता ने महज एक कागज के टुकड़े पर तय कर लिया। पुलिस को जमीन बेचने वाले शंकरलाल वर्मा के पास से मिली फाइल में सिर्फ इकरारनामा है। इस इकरारनामे पर ही सारी लिखा-पढ़ी हुई है। वर्ष 1974 में सेवानिवृत्त हुए अधीक्षण अभियंता वर्मा वर्ष 1969 में कोटा में भी पदस्थापित रहे हैं।राजकोष में जमा होगा धनपुलिस की सूचना पर गुमानपुरा थाने पहुंचे आयकर विभाग के अधिकारियों ने बताया कि उक्त रकम को जब्त कर राजकोष में जमा कराया जाएगा। मौके पर मिली रकम और पहले हुए लेन-देन के पेटे जो भी आयकर बनेगा, वह नियमानुसार वसूला जाएगा।